अरे! आसमान से ये क्या गिर रहा … अब वैज्ञानिक लगाएंगे पता

0
255

मध्यप्रदेश के उत्तरी अंचल के ग्वालियर और शिवपुरी जिले में कुछ स्थानों पर आज कथित तौर पर आसमान से रहस्यमयी वस्तुएं गिरने से कौतूहल की स्थिति बन गयी। धातु से बनी हुयीं नजर आ रहीं गोलाकार ये वस्तुएं ग्रामीण अंचल के खेतों में गिरी हैं और इसकी वजह से खेत में छोटे छोटे गड्ढे निर्मित हो गए हैं। इन वस्तुओं के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के दलों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटना के संबंध में रिपोर्ट अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्वालियर जिले के भितरवार और बेलगढ़ा थाना क्षेत्र में तीन चार स्थानों पर ये गोलाकार वस्तुएं दिन में आसमान से जमीन पर गिरने की सूचनाएं हैं।

बम समझकर पुलिस पहुंची

कुछ ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने स्वयं आसमान से इस गोलाकार वस्तु को गिरते हुए देखा। पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। अब वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि इन वस्तुओं के बारे में पता लगाया जा सके।

पुलिस ने कब्जे में लिया

कृत्रिम उपगृह (सेटेलाइट) के अवशेष होने की आशंका के चलते भी इस बारे में विषय विशेषज्ञों से चर्चा के प्रयास प्रशासनिक स्तर पर किए जा रहे हैं। विषय विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर इन वस्तुओं के बारे में आधिकारिक तौर पर पता लगने की संभावना है। इस बीच इन वस्तुओं को पुलिस प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है। बड़ी गेंद की तरह दिखने वाली ये वस्तुएं कई किलोग्राम वजनी प्रतीत होती हैं और किसी धातु से निर्मित काफी मजबूत नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया में इनके वायरल वीडियो लोगों के बीच कौतूहल पैदा कर रहे हैं। इस वस्तु को देखकर लोग अनेक तरह की जिज्ञासाएं प्रदर्शित करते हुए भी दिखे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here